- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- महोबा
- बहू की कुल्हाड़ी से हत्याकर, ससुर ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम
बहू की कुल्हाड़ी से हत्याकर, ससुर ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम
महोबा: बहू-ससुर के बीच हुए विवाद के चलते ससुर ने शराब पीकर बहू को कुल्हाड़ी से काट डाला। शराब का नशा उतारने पर घबराए ससुर ने यूपी से सटे मध्य प्रदेश के एक गांव में फांसी लगाकर जान दे दी।
थाना महोबकंठ के ग्राम सौरा निवासी गोपाल कुशवाहा 55 का आए दिन बहू से विवाद होता रहता था। ससुर शराब पीने के बाद बहक जाता था और बहू से गाली-गलौज करता था, रविवार को शराब पीने के बाद ससुर ने बहू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
बहू ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर ससुर ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से बहू माया देवी 32 पर कई वार कर दिए। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बहू की मौत के बाद जब ससुर का नशा उतरा तो वह बुरी तरह घबरा गया और घर छोड़कर भाग गया। गांव से चंद कदम की दूरी पर मध्य प्रदेश की सरहद में एक पेड़ में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
लोग ने गोपाल कुशवाहा का शव लटका हुआ देखा तो मध्य प्रदेश पुलिस को सूचना दी। एमपी की पुलिस ने सीमा विवाद के चलते तहरीर नहीं ली, जिससे खबर लिखे जाने तक गोपाल के शव का पंचनामा नहीं हो पाया। सीमा विवाद के चलते मृतक के परिजन यूपी-एमपी थाने के चक्कर लगाते रहे। एक साथ बहू और ससुर की मौत से मृतक के घर में रोना पीटना मचा हुआ है।