गोंडा : महिला की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस 

गोंडा : इटियाथोक थाना क्षेत्र के धर्मेई गांव में बृहस्पतिवार को एक महिला की नृशंष तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। दिनदहाड़े महिला की हत्या से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इटियाथोक थाने की पुलिस समेत सीओ ,डॉग स्क्वायड व फारेसिंक टीमें मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कोशिश की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना की जांच में जुटी है‌। 

इटियाथोक थाना क्षेत्र के धर्मेई गांव का रहने वाला अलाउद्दीन ई रिक्शा चालक है और वह बग्गीरोड से बैजपुर वाले रूट पर रिक्शा चलाता है‌। अलाउद्दीन के मुताबिक वह गांव के बाहर खेत में मकान बनाकर अपनी पत्नी बेगम(44) के साथ रहता था। उसके दोनो बेटे गुलजार व अली मुंबई में रहते हैं। अलाउद्दीन ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह रिक्शा लेकर चला गया था। करीब 12 बजे वह खाना खाने के लिए घर लौटा था लेकिन खाना खाने के बाद वह फिर से चला गया था। कुछ घंटे बाद उसने अपनी पत्नी को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इस पर अलाउद्दीन ने खोरहंसा की रहने वाली अपनी साली को फोन किया तो साली ने बताया कि बेगम से उसकी दोपहर करीब एक बजे के आसपास बात हुई थी। शंका होने पर अलाउद्दीन चार बजे के आसपास अपने घर पहुंचा तो देखा कमरे में उसकी पत्नी बेगम का शव खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा हुआ था। बेगम की नृशंष तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी।

यह भी पढ़े - Auraiya Road Accident: सड़क हादसे में पूर्व प्रधान प्रतिनिधि की मौत...घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल

बेगम का आधा गला कटा हुआ था। पत्नी का शव देख उड़ गए‌। उसने इसकी जानकारी गांव के प्रधान समेत अन्य लोगों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में गांव के लोग जुट गए‌। कुछ देर बाद इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक दुर्ग विजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद ही  सीओ सदर शिल्पा वर्मा, डॉग स्क्वायड व फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस अफसरों ने मृतका के पति अलाउद्दीन समेत आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कोशिश की‌। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है‌। सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है‌। अभी तहरीर नहीं मिली है‌। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।।

Edited By: Ballia Tak

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Ballia Tak All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software