भाजपा के सिख नेता ने राहुल गांधी को दी धमकी कहा- दादी जैसा होगा हाल!

  • कांग्रेस ने जताई आपत्ति और कहा, क्या पीएम मोदी इनके खिलाफ करेंगे कार्रवाई?

नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में दिए गए बयानों पर विवाद गहराता जा रहा है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी विरोध की बाढ़ आ गई है। भारत में सिखों को धार्मिक स्वतंत्रता नहीं होने का आरोप लगाने के बाद भाजपा के सिख नेताओं ने बुधवार को दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान भाजपा नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने राहुल गांधी को इंदिरा गांधी वाला हाल होने की धमकी दी। कांग्रेस पार्टी ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।कांग्रेस पार्टी ने एक्स हैंडल पर 11 सेकेंड का एक वीडियो शेयर करते हुए यह आरोप लगाया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए धमकी देने वाले नेता पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने लिखा, दिल्ली भाजपा का नेता और पूर्व विधायक, तरविंदर सिंह मारवाह ने आज प्रदर्शन के दौरान कहा-राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ भाजपा का ये नेता खुलेआम देश के नेता प्रतिपक्ष की हत्या की धमकी दे रहा है। नरेंद्र मोदी जी अपने पार्टी के इस नेता की धमकी पर आप चुप नहीं रह सकते हैं। ये बेहद गंभीर मामला है। आपके पार्टी के नफरत की फैक्ट्री का ये प्रोडक्ट है। इस पर कार्रवाई करनी ही होगी।

यह भी पढ़े - आपदा राहत कार्य में भी जेंडर इक्वलिटी और समाज के सभी तबके के लोगों पर ध्यान देना ज़रूरी

खबर लिखे जाने तक इस पर भाजपा की प्रतिक्रिया नहीं आई थी। हालांकि, एक्स पर जवाब देते हुए कई लोगों ने कांग्रेस को यह जरूर याद दिलाया कि मारवाह कांग्रेस के ही नेता थे और राहुल गांधी भी उनकी तारीफ करते थे। कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि मारवाह का इशारा इंदिरा गांधी की हत्या की ओर था। ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री और राहुल गांधी की दादी की हत्या उनके सिख अंगरक्षकों सतवंत सिंह और बेअंत सिंह ने कर दी थी। गौरतलब है कि मारवाह दो साल पहले तक कांग्रेस के ही नेता थे। जुलाई 2022 में वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तरविंदर सिंह मारवाह जंगपुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर तीन बार विधायक रह चुके हैं। खुद राहुल गांधी ने 2020 में विधानसभा चुनाव के दौरान तरविंदर सिंह की तारीफ की थी। मारवाह के लिए जंगपुरा में रैली करते हुए राहुल गांधी ने उनकी बहादुरी की तारीफ की थी। राहुल ने कहा था कि मारवाह ने पाकिस्तान में जाकर हिन्दुस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया था और वहां जेल तक में गए।

Edited By: Ballia Tak

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Ballia Tak All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software